हाथियों के झुंड से बिछड़ा हाथी का शावक गांव में पहुंचा, ग्रामीणों में दहशत
सिलीगुड़ी। नक्सलबाड़ी के केटुगाबुर जोत क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हाथियों के झुंड से बिछड़ा एक हाथी का शावक गांव के पास घूमता हुआ दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात लगभग 60–70 हाथियों का एक बड़ा झुंड भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाके में प्रवेश कर गया था। बाद में झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया, लेकिन एक शावक अपने समूह से बिछड़कर गांव के आसपास ही रह गया।
सुबह होते ही शावक इधर-उधर भटकने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पानीघाटा और टुकरियाझाड़ रेंज के वनकर्मी तथा एलिफेंट स्क्वाड मौके पर पहुंचे और शावक को सुरक्षित जंगल में वापस भेजने का अभियान शुरू किया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शावक काफी छोटा है और संभवतः जंगल का रास्ता नहीं पहचान पा रहा है, इसलिए वह लगातार इधर-उधर दौड़ रहा है।
पानीघाटा रेंज के रेंजर प्रणब कुमार दास ने बताया कि वनकर्मी हाथी के शावक को सुरक्षित तरीके से जंगल में पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से शावक के पास न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
