कोलकाता होटल अग्निकांड में बड़ा खुलासा, झुलसे लोगों में 5 बांग्लादेशी
कोलकाता होटल अग्निकांड में मारे गए नौ लोगों में पांच बांग्लादेशी नागरिक
- बांग्लादेश उप उच्चायोग के उप उच्चायुक्त मोहम्मद खालिद ने की पुष्टि
कोलकाता। कोलकाता के धर्मतला इलाके में मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में मंगलवार रात लगी आग में मारे गए नौ लोगों में पांच बांग्लादेशी नागरिकों के होने की जानकारी सामने आई है। कोलकाता स्थित बांग्लादेश उप उच्चायोग के उप उच्चायुक्त मोहम्मद खालिद ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, कोलकाता पुलिस की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मृत पांच बांग्लादेशी नागरिकों में चार कुष्टिया और एक ढाका के सावर इलाके का रहने वाला था। मृतकों की पहचान कुष्टिया निवासी देवाशीष दत्त, शर्णशिष दत्त, अफसाना शिम्मिन, मोहम्मद अकरम अली और ढाका के सावर निवासी अहमद बाबू के रूप में हुई है। इनमें शर्णशिष की उम्र महज तीन वर्ष थी।
जानकारी के अनुसार, देवाशीष दत्त अपनी पत्नी अफसाना शिम्मिन और तीन वर्षीय बेटे शर्णशिष के साथ बेंगलुरु गए थे। बच्चे के इलाज के बाद तीनों मंगलवार को ही कोलकाता पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने धर्मतला के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित शिखा इन होटल में कमरा लिया था। उसी रात होटल में भीषण आग लग गई, जिसमें तीनों की मौत हो गई।
बांग्लादेश उप उच्चायोग के एक अधिकारी ने स्थानीय थाने और मुर्दाघर पहुंचकर मृतकों की पहचान की। स्थानीय पुलिस की सहायता से पांचों की बांग्लादेशी नागरिक के रूप में पहचान की गई। उप उच्चायुक्त मोहम्मद खालिद भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि धर्मतला के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित शिखा इन होटल में मंगलवार रात भीषण आग लग गई थी। आग और धुएं के कारण होटल में फंसे नौ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई थी। घटना के बाद होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और अन्य अनुमतियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
