झाड़ग्राम नगरपालिका बैठक के बाद बवाल, लोगों ने ‘चोर-चोर’ के लगाए नारे
झाड़ग्राम। झाड़ग्राम नगरपालिका में गुरुवार को बोर्ड बैठक के बाद तनाव की स्थिति बन गई। तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों ने आरोप लगाया है कि बैठक समाप्त होने के बाद नगरपालिका भवन से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उन पर अंडे फेंके।
मिली जानकारी के अनुसार, नगरपालिका की विकास योजनाओं और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए अध्यक्ष शिउली सिंह ने गुरुवार अपराह्न बोर्ड बैठक बुलाई थी। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 10 पार्षद मौजूद थे।
बैठक शुरू होने के कुछ समय बाद नगरपालिका के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए जाने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर बैठक बीच में ही रोक दी गई।
तृणमूल पार्षदों का आरोप है कि बाहर निकलने के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। उपाध्यक्ष सुकुमार शीत सहित कई पार्षदों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उन पर अंडे भी फेंके गए।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अध्यक्ष तथा पार्षदों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर पहुंचाया। झाड़ग्राम के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने इसकी पुष्टि की है।
गुरुवार देर शाम नगरपालिका अध्यक्ष शिउली सिंह ने कहा कि विकास संबंधी मुद्दों पर बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण बैठक नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने सभी को सुरक्षित घर पहुंचाया।
वहीं, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष देवाशीष कुंडू ने कहा कि लोगों में तृणमूल संचालित नगरपालिका के खिलाफ नाराजगी है। उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि भाजपा किसी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं करती और यह लोगों के आक्रोश की स्वाभाविक अभिव्यक्ति थी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
