नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के गंभीर आरोप में पूर्व विधायक गिरफ्तार
मेदिनीपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक तिलक कुमार चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने और ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने बुधवार रात उनके तेरपेख्या स्थित आवास से उन्हें हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में तिलक कुमार चक्रवर्ती तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर महिषादल से विधायक चुने गए थे। विधायक बनने के बाद से ही उनके खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से पैसे लेने की शिकायतें सामने आने लगी थीं। उस समय भी इस मामले को लेकर चर्चा हुई थी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल ने उन्हें फिर उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वे भाजपा उम्मीदवार सुभाष चंद्र पांजा से 25 हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गए। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार ने पुराने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच शुरू की।
इसी क्रम में तिलक कुमार चक्रवर्ती के खिलाफ भी जांच तेज की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:40 बजे पुलिस की एक टीम ने उनके गांव स्थित घर पर छापेमारी की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि राजनीति में आने से पहले तिलक कुमार चक्रवर्ती महिषादल में साइकिल की दुकान चलाते थे। बाद में वे सक्रिय राजनीति में आए और विधायक बने।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
