इंदिरा नहर में कूदकर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, नगराम पुलिस ने बचाई जान
प्रेम प्रसंग को बताया आत्महत्या के प्रयास की वजह, पुलिस ने नहर से सकुशल निकालकर परिजनों को सौंपा
लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र में शनिवार को इंदिरा नहर में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले 25 वर्षीय युवक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बचा लिया। युवक के नहर में डूबने की सूचना मिलते ही नगराम पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को थाना कार्यालय को आमजन के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक इंदिरा नहर में कूद गया है और डूब रहा है। सूचना मिलते ही नगराम पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने प्रयास करते हुए नहर में डूब रहे युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
बचाए गए युवक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। वह कंचनखेड़ा मजरा समेसी, थाना नगराम, लखनऊ का निवासी है। पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने आत्महत्या का प्रयास करने के पीछे प्रेम प्रसंग को कारण बताया।
पुलिस ने युवक को समझाया-बुझाया और उसके परिजनों को सूचना देकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। युवक को सुरक्षित देखकर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने नगराम पुलिस की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
रेस्क्यू करने वाली पुलिस टीम
युवक की जान बचाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु पाण्डेय, उपनिरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा और आरक्षी पवन कुमार यादव शामिल रहे। पुलिसकर्मियों की तत्परता से युवक को समय रहते नहर से बाहर निकाल लिया गया।पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों और युवक के परिजनों ने सराहना की।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
