चुपताजिया और बारावफात को लेकर लखनऊ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 1096 पुलिसकर्मी तैनात
24-25 हजार लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए पश्चिमी जोन 5 जोन और 23 सेक्टरों में बंटा, ड्रोन-कैमरों से होगी निगरानी
लखनऊ। चुपताजिया और बारावफात-2026 के मद्देनजर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। चुपताजिया का जुलूस 22 अगस्त 2026 को निकाला जाएगा। जुलूस में करीब 24 से 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पश्चिमी लखनऊ में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
चंद्रदर्शन के अनुसार आठवीं रवि-उल-अव्वल को निकलने वाला चुपताजिया का जुलूस सुबह करीब 5:30 बजे नाजिम शाह इमामबाड़ा, विक्टोरिया स्ट्रीट, थाना चौक क्षेत्र से शुरू होगा। जुलूस मेफेयर तिराहा, नक्खास तिराहा, तुड़ियागंज-बिल्लौचपुरा चौराहा, वाल्दा, गिरधारी सिंह इंटर कॉलेज, मंसूर नगर तिराहा और मम्मी जर्राह होते हुए करीब 8:30 बजे रौजा-ए-काजमैन, थाना सआदतगंज पहुंचेगा, जहां जुलूस का समापन होगा।
5 जोन और 23 सेक्टरों में बांटा पश्चिमी जोन
जुलूस और बारावफात के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पश्चिमी लखनऊ को 5 जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में कुल 51 राजपत्रित अधिकारियों और 1096 अराजपत्रित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इनमें 3 पुलिस उपायुक्त (DCP), 14 अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) और 34 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) शामिल हैं। इसके अलावा 49 निरीक्षक, 344 उपनिरीक्षक, 566 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी तथा 137 महिला आरक्षियों को भी तैनात किया गया है।
PAC, QRT और घुड़सवार पुलिस भी रहेगी सक्रिय
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 11 कंपनियां पीएसी, 6 क्यूआरटी और 4 महिला क्यूआरटी तैनात रहेंगी। इसके साथ ही एलआईयू, दो ड्रोन टीमें, 36 क्लस्टर मोबाइल और 10 घुड़सवार पुलिस टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय रहेंगी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी ड्यूटी प्वाइंट और जुलूस के रूट की जानकारी दी जा चुकी है। संवेदनशील स्थानों, हॉटस्पॉट और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस एवं पीएसी द्वारा राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में रूट मार्च और फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। साथ ही दंगा नियंत्रण योजना का पूर्वाभ्यास भी कराया गया है।
CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
जुलूस के दौरान प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर रियल टाइम निगरानी की जाएगी। नाजिम साहब का इमामबाड़ा, रूमी गेट चौराहा, नींबू पार्क तिराहा, हैदरगंज तिराहा, तोप दरवाजा और झंडेवाला पार्क समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस का सोशल मीडिया सेल भी राउंड द क्लॉक सक्रिय रहेगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और वाट्सऐप समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी की जाएगी। किसी शरारती या उपद्रवी तत्व की ओर से भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा अफवाहों का खंडन भी किया जाएगा।
यातायात डायवर्जन लागू
जुलूस के रूट और आयोजन स्थलों को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। आम लोगों की सुविधा के लिए यातायात परामर्श अलग से जारी किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
लखनऊ पुलिस की अपील
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों से अपील की है कि चुपताजिया और बारावफात के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से समय-समय पर जारी किए जाने वाले यातायात निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
