बिजनौर में अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, कारतूस बरामद
नक्श सिटी जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
लखनऊ। बिजनौर थाना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध तमंचा लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक बिजनौर कपिल गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा।
संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक आनंद प्रताप सिंह, प्रभारी चौकी कस्बा बिजनौर, पुलिस टीम के साथ चौराहा बिजनौर से कस्बा बिजनौर की ओर पैदल गश्त कर रहे थे। बिजनौर बाजार के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोलू होटल के सामने से नक्श सिटी जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति तमंचा लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक युवक को पकड़ लिया।पूछताछ और तलाशी में आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान हुमेद उर्फ हुमैर पुत्र स्वर्गीय सगीर, निवासी घसियारी मोहल्ला, कस्बा व थाना बिजनौर, लखनऊ, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई।
डेढ़ साल पहले जंगल में मिला था तमंचा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे करीब डेढ़ साल पहले जंगल में तमंचा पड़ा मिला था। इसके बाद उसने उसे अपने पास रख लिया। आरोपी के अनुसार, वह कभी-कभी तमंचा लेकर शौकिया तौर पर घूमता था और लोगों को डराता-धमकाता था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिजनौर थाने में मु0अ0सं0 223/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपी को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में आशियाना थाने में वर्ष 2025 में धारा 74/115(2) बीएनएस के तहत मुकदमा, बिजनौर थाने में वर्ष 2024 में धारा 147, 323, 504, 506 आईपीसी और 3(1)द/ध एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा तथा सरोजनीनगर थाने में वर्ष 2021 में धारा 363/376DA आईपीसी और 5G/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होना बताया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है और उसके आपराधिक इतिहास की अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
