घरेलू विवाद में पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट...
आरोपी पत्नी हिरासत में
लखनऊ: लखनऊ में जानकीपुरम के आनंद विहार कॉलोनी में रहने वाली तपस्या सिंह का बृहस्पतिवार सुबह पति आशीष सोनी (40) से विवाद हो गया। विवाद के दौरान तपस्या ने आशीष के सिर पर तवा मार दिया।
खून से लथपथ आशीष को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकीपुरम पुलिस ने आरोपी पत्नी तपस्या को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब पांच साल से विवाद चल रहा था और वे अलग-अलग रह रहे थे।
पीजीआई के तेलीबाग स्थित कल्ली पश्चिम निवासी ऑटो चालक आशीष की मां मिथलेश स्वर्णकार के अनुसार, वर्ष 2013 में उनके बेटे ने तपस्या से प्रेम विवाह किया था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू बेटे को प्रताड़ित करती थी।
इस बीच तपस्या ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद आशीष और तपस्या के बीच विवाद काफी बढ़ गया। इसके बाद तपस्या पांच वर्षीय बेटी को लेकर अपनी बहन प्रीति के साथ जानकीपुरम इलाके में रहने लगी।
बृहस्पतिवार सुबह आशीष पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तपस्या ने तवे से आशीष के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
सिर पर गंभीर चोट लगने से आशीष खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद तपस्या की बहन प्रीति जानकीपुरम थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि उसकी बहन और बहनोई के बीच झगड़ा हुआ है तथा बहनोई को चोट लगी है।
मौके पर पहुंची पुलिस घायल आशीष को जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर जानकीपुरम ने बताया कि बेटे की मौत की खबर पाकर आशीष की मां भी मौके पर पहुंच गईं।
उन्होंने बहू पर आरोप लगाया कि वह बेटे से अक्सर रुपये वसूलती थी। उनका आरोप है कि इसी विवाद के चलते तपस्या ने उनके बेटे की हत्या कर दी।
आशीष की मां का कहना है कि उनका बेटा बेटी से बहुत प्यार करता था। पत्नी से विवाद के बावजूद वह अक्सर बेटी से मिलने जाया करता था।
उनका आरोप है कि जून 2025 में भी आशीष बेटी से मिलने गया था। वहां बहू और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी और बाद में उसके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करा दी थी।
इंस्पेक्टर जानकीपुरम ने बताया कि अब तक की पूछताछ में तपस्या का कहना है कि उसका पति आशीष से तलाक हो चुका है। बावजूद इसके आशीष अक्सर उसके घर आकर लड़ाई-झगड़ा करता था।
वहीं, आशीष की मां का दावा है कि तलाक की बात के बारे में उनके बेटे ने उन्हें कभी कुछ नहीं बताया। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
