चक मार्ग से अवैध कब्जा हटाने की मांग, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा पत्र, दिया आन्दोलन की चेतावनी
बस्ती - सोमवार को नगर पंचायत कप्तानगंज स्थित वार्ड नंबर 1 अम्बेडकर नगर मोहल्ला चौखड़ा के ग्रामीणों ने सार्वजनिक चक मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा गया। महेश कुमार पुत्र राम अजोर के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के सार्वजनिक चक मार्ग (गाटा संख्या 64) पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
ज्ञापन सौंपने के बाद ग्रामीणों ने बताया कि उक्त चक मार्ग की पैमाइश राजस्व विभाग की टीम द्वारा 11 जुलाई 2026 को नायब तहसीलदार, कानूनगो एवं लेखपाल की मौजूदगी में करने के साथ सीमांकन भी कर दिया गया था। इसके बावजूद कब्जाधारियों द्वारा मार्ग खाली नहीं किया गया और उस पर खेती कर अवैध कब्जा बनाए रखा गया है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि रामगोपाल, बाबूराम और रमेश द्वारा चकरोट को काट लिया गया है, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना बाधित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें मारपीट की धमकी दी गई। इस दौरान उन्होंने तत्काल डायल 112 पुलिस को भी सूचना दी थी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम भेजकर सार्वजनिक चक मार्ग को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही चेतावनी दिया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में सुरेन्द्र कुमार, महेन्द्र, गुड्डू, राजकुमार, श्रीराम, ओमप्रकाश, दयाशंकर, राजा बाबू, अनीता देवी, मिथलेश देवी, सीमा, गड़ना देवी, शीला देवी, सेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
