उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग द्वारा संयुक्त जिला चिकित्सालय के महिला विंग का किया गया निरीक्षण
संत कबीर नगर । उपाध्यक्ष उ0 प्र0 राज्य महिला आयोग चारु चौधरी द्वारा महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने तथा आवेदक/आवेदिकाओं की सुगमता की दृष्टिगत जनपद संत कबीर नगर में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा हेतु महिला जनसुनवाई एवं विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया।
उपाध्यक्ष उ0 प्र0 राज्य महिला आयोग चारु चौधरी द्वारा जनपद भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद का निरीक्षण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 07 नवजात बालिकाओं का कन्या जनमोत्सव केक काटकर और बालिकाओं को उपहार में बेबी किट व माताओं को फल मिठाई, स्टॉल और एक आम का पेड़ देकर मनाया गया।
उपाध्यक्ष द्वारा जनरल वार्ड, ओ0पी0डी0, टीकाकरण कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं एवं चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं आदि के बारे में संबंधित चिकित्सकों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया तथा कहा कि अस्पताल में समस्त चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।
तत्पश्चात विकास खंड बघौली के सभागार में उपाध्यक्ष द्वारा अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम के साथ महिला जनसुनवाई व जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग़ किया। कार्यक्रम में समूह सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व विकासखंड की अन्य महिलाओं, बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण किए जाने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय संत कबीर नगर के महिला विंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि महिला ओपीडी में 05 स्त्री रोग विशेषज्ञ होने के बावजूद केवल एक ही स्त्री रोग विशेषज्ञ ड्यूटी पर पाई गई। अस्पताल में कम प्रसव होने तथा साफ सफाई पर रोष प्रकट किया गया, साथ ही जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों का कुशल क्षेम पूछा। अस्पताल निरीक्षण के बाद माननीय उपाध्यक्ष द्वारा वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया गया और सेंटर में संवासित महिला से भी बातचीत कर सेंटर की गतिविधियों के बारे में जाना। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ साथ कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
