यूपी संगीत नाटक अकादमी उपाध्यक्ष विभा सिंह का लखीमपुर दौरा, सांस्कृतिक आयोजनों पर चर्चा
संस्कार भारती पदाधिकारियों के साथ की बैठक, संकटा माता मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद डीएम से की मुलाकात
अभिषेक मिश्रा
लखीमपुर-खीरी,21 सितम्बर(तरुणमित्र)। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री श्रीमती विभा सिंह ने अपने लखीमपुर-खीरी जनपद प्रवास के दौरान संस्कार भारती की जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।
प्रवास के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी से संबंधित योजनाओं के द्वितीय चरण के कैंपों के आयोजन को लेकर आवश्यक समन्वय एवं तैयारियों का अवलोकन किया गया। 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रस्तावित द्वितीय चरण की गतिविधियों को उप जिलाधिकारी, धौरहरा एवं बीडीओ के सहयोग से संचालित किए जाने पर चर्चा हुई।
बैठक में आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुख्य रूपरेखा को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। क्षेत्र में भारतीय संस्कृति, लोककला, संगीत एवं पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक स्थानीय एवं युवा कलाकारों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रीमती विभा सिंह ने संकटा माता मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी से भेंट कर जनपद में प्रस्तावित आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कलाकारों की सहभागिता तथा कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विशेष रूप से स्थानीय कलाकारों एवं युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अधिक से अधिक अवसर एवं उचित मंच उपलब्ध कराने के संबंध में डीएम से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने जनपद की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर श्रीमती विभा सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति, लोककला, संगीत एवं पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए स्थानीय स्तर पर निरंतर सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन आवश्यक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया जा सकता है।
लखीमपुर प्रवास के दौरान उन्होंने संस्कार भारती की जिला इकाई की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को व्यापक एवं प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक कलाकारों और युवाओं को इनसे जोड़ने के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
