सिद्धनाथ की दरी में डूबने से वाराणसी के युवक की मौत, गोताखोरों ने निकाला शव
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मीरजापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र की सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सिद्धनाथ की दरी में पिकनिक मनाने आए वाराणसी के एक युवक की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। गुरुवार को गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी निवासी 32 वर्षीय राकेश साहनी 15 जुलाई को अपने साथियों के साथ सिद्धनाथ की दरी घूमने आया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह बहते पानी के गहरे कुंड में जा गिरा। पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।
शाम तक युवक का पता नहीं चलने पर उसके साथियों ने सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी राजेश कुमार पांडेय को सूचना दी। रात होने और अंधेरा बढ़ जाने के कारण तत्काल तलाश अभियान सफल नहीं हो सका।
गुरुवार सुबह पुलिस गोताखोरों के साथ दोबारा मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने पर्यटकों से बरतने की अपील की सावधानी
चुनार कोतवाली प्रभारी विजय शंकर पटेल ने बताया कि सिद्धनाथ की दरी में डूबने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे जलप्रपात और गहरे कुंडों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
