- पुलिस ने दोनों हिरासत में लिया
लखनऊ। शुक्रवार दुबग्गा से विधानभवन पहुंचे दो युवकों ने आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुबग्गा निवासी चाचा-भतीजे ने आत्मदाह की कोशिश की। इनका आरोप है कि उनकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने कई स्तरों पर शिकायत की, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। इसी से आहत होकर दोनों ने हजरतगंज पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और युवकों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। घटना के दौरान कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई। मलिहाबाद तहसील स्थित दुबग्गा थाना क्षेत्र के लीलाखेड़ा कटौली के रहने वाले राम गणेश और उनके भतीजे सतीश कुमार गौतम ने आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें समय रहते बचा लिया और हजरतगंज थाने ले आए।
पूछताछ पीड़ित राम गणेश ने बताया कि गांव में उनकी एक पुश्तैनी जमीन पर उनके परिवार के ही सुनील नाम के व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कब्जा कर लिया है। जमीन कब्जा होने के बाद से वे लगातार 6 साल से परेशान है और अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, बावजूद उसके कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
दुबग्गा थाना क्षेत्र के रहने वाले दोनों पीड़ितों में बताया कि वे साल 2020 से लगातार डीएम और एसडीएम के दफ्तर के चक्कर काटकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने व जमीन कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगा रहे हैं लेकिन अधिकारियों की ओर से इस मामले पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिसके बाद उन्होंने परेशान होकर आत्मदाह करने का फैसला लिया। इस मामले पर हजरतगंज थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ितों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही इस घटना की आला-अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।