कानपुर कचहरी में प्रशिक्षु अधिवक्ता की खुदकुशी, सुसाइड नोट में पिता पर गंभीर आरोप
कानपुर। कचहरी परिसर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 24 वर्षीय प्रशिक्षु अधिवक्ता प्रियांशु श्रीवास्तव ने न्यायालय भवन की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें पिता पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुसाइड नोट में प्रियांशु ने बचपन से लेकर अब तक के अनुभव साझा करते हुए लिखा कि पिता की डांट, अपमान और सख्ती ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। उन्होंने यहां तक लिख दिया कि “ऐसे पिता भगवान किसी को न दे” और पिता को उनके शव को छूने से भी मना किया।
ये खबर भी पढ़े : गोमतीनगर विस्तार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धोखाधड़ी के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तारबताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन घंटे पहले ही उन्होंने सुसाइड नोट व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दिया था। इसके बाद कचहरी पहुंचकर पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रियांशु हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी कर अपने पिता के साथ वकालत का प्रशिक्षण ले रहे थे। परिवार में पिता, मां और बहन हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गौरतलब है कि कचहरी परिसर में पिछले एक साल में आत्महत्या की यह दूसरी घटना है, जिससे सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
