बदायूं: गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कार पलटने से तीन की मौत, छह घायल
बदायूं में कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई अर्टिगा, नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे थे नौ लोग; हादसे में कार के उड़े परखच्चे
बदायूं। मंगलवार देर रात वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर किमी संख्या 175 के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेपाल से चंडीगढ़ जा रही अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कार में चालक समेत नौ लोग सवार थे और सभी अलग-अलग परिवारों से थे। कार रुपैडिया, नेपाल से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। किमी संख्या 175 के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कार नियंत्रण से बाहर होकर पलट गई। हादसे में मौके पर एक कुत्ता भी मृत मिला। प्रत्यक्ष स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार कई बार पलटी, जिससे वाहन चारों ओर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार कार की गति भी काफी तेज रही होने की संभावना है। हादसे में नेपाल के जिला डांग निवासी दीपना खात्री पत्नी नेमबहादुर और विपना सुनमगर पत्नी विशाल की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं चालक दीपक ओली, पुष्पा, ज्ञान बहादुर मल्ल, यादव पोडे, विनोद, सिमोन और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां अज्ञात घायल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को सीएचसी वजीरगंज में रखवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका विपना सुनमगर के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा कराया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
