अयोध्या में दर्दनाक हादसा: नदी किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच लोग गिरे, तीन की मौत, दो लापता
अयोध्या। जिले के थाना रौनाही क्षेत्र के ग्राम सनाहा में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी देखने गए एक ही परिवार के पांच लोग अचानक नदी में गिर गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। करीब दोपहर 2 बजे तक तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान सजरुल (45), साहिन बानो (38) और मरियम (18) के रूप में हुई है।
हादसे में दो युवतियां नरगिश (18) और महक बानो (18) लापता हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक सर्च अभियान जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग नदी देखने के लिए किनारे पर पहुंचे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से सभी लोग गहरे पानी में गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
