स्वतंत्रता दिवस पर जनभवन के आसपास बदलेगा यातायात, कई रास्तों पर डायवर्जन
15 अगस्त को जनभवन में झंडारोहण और स्वल्पाहार कार्यक्रम के चलते कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित, वैकल्पिक रास्तों से गुजरेंगे वाहन
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जनभवन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। जनभवन में सुबह 8 बजे झंडारोहण और शाम 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों के दौरान जनभवन और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात के आवागमन में बदलाव रहेगा।
यातायात पुलिस के मुताबिक, बंदरियाबाग चौराहे से सामान्य यातायात जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर नहीं जा सकेगा। इस दिशा में जाने वाले वाहन गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
इसी तरह लालबत्ती चौराहे से प्रेरणा केन्द्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा और सिसेण्डी तिराहा की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को प्रतिबंधित किया गया है। वाहन चालक बंदरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज होकर आगे जा सकेंगे।
हजरतगंज चौराहे से डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा की ओर भी सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। इस मार्ग के वाहन पार्क रोड चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।वहीं रॉयल होटल चौराहे से सिसेण्डी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा और प्रेरणा केन्द्र तिराहा की तरफ सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यहां से वाहन हजरतगंज चौराहा या बलिग्टन चौराहा होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
इसके अलावा 15 अगस्त को डीएसओ चौराहा से पार्क रोड चौराहा और पार्क रोड चौराहा से हजरतगंज चौराहा तक एकल मार्ग निलंबित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करें और कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ से बचें।
आपात स्थिति में एम्बुलेंस को मिलेगी अनुमति
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय आपात स्थिति होने पर और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में एम्बुलेंस आदि को प्रतिबंधित मार्ग से जाने की अनुमति दी जा सकेगी। ऐसी स्थिति में ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
आमजन किसी भी तरह की यातायात संबंधी सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
यातायात पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम लोगों से सहयोग करने और निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
