प्रभारी मंत्री द्वारा विकास प्रदर्शनी का फीता काट कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया भव्य शुभारंभ।

Published By Dayanidhi Tripathi
On
Dayanidhi Tripathi Picture

संत कबीर नगर। राज्यमंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उ0प्र0 शासन एवं जनपद की प्रभारी मंत्री  विजयलक्ष्मी गौतम द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान (दिनांक 05 जून से 21 जून 2026 तक) के क्रम में विकास भवन स्थित डीपीआरसी हाॅल/परिसर में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर  जिलाध्यक्ष भाजपा  नीतू सिंह  विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ,  विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान , जिला प्रभारी भाजपा अजय सिंह गौतम  जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
 प्रभारी मंत्री  ने केंद्र सरकार के उत्कृष्ट 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विकास प्रदर्शनी में उपस्थित सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में केंद्र सरकार का विगत 12 वर्षों का कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा है। इस अवधि में देश ने हर क्षेत्र में उन्नत विकास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के लक्ष्य को प्राप्त करने में  प्रधानमंत्री  द्वारा कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। विगत 12 वर्षों में देश को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक है तथा हम वैश्विक मंच पर मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तिकरण हेतु सरकार सतत प्रयासरत है। 
 मंत्री  ने कहा कि इस विकास प्रदर्शनी उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत निर्णयों एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करना है। उन्होंने  प्रधानमंत्री  के नेतृत्व व मार्ग दर्शन में देश के चौमुखी विकास पर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
 जिलाध्यक्ष भाजपा  नीतू सिंह  ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष के जन कल्याणकारी एवं विकासपरक उत्कृष्ट उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस विकास प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा जनहित में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया कि यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी। नागरिकगण अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं लोकहितकारी कार्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं।
 विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी  ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति मिली है तथा लंबे समय से लंबित जनआकांक्षाओं को पूरा करने का कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि आज देश एवं प्रदेश प्रदेश का हर नागरिक स्वंय को गौरवान्वित महसूस कर रहा है, हमारे युवाओं को रोजगार के नये अवसर निरन्तर मिल रहे है, नागरिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार के साथ-साथ सभी आवश्यक सुविधायें मिल रही हैं।
 विधायक धनघटा गणेश चन्द्र चौहान ने सभी का हार्दिक स्वागत एवं अभिवादन करते हुए कहा कि परिर्वतन, उत्थान, सम्मान एवं बदलाव की दिशा में देश एवं प्रदेश आगे बढ़ रहा है। आज हर व्यक्ति, नौजवान, महिलाएं, बेटियां स्वंय को सम्मानित एवं सुरक्षित महसूस करने के साथ-साथ केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का पूरी निष्पक्षता से लाभ प्राप्त कर रहें है। सरकार जातिवाद, क्षेत्रवाद से उपर उठकर सभी वर्गो हेतु समान योजनाएं लागू कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल सहित समस्त आधारभूत सुविधाओं में निरंतर प्रगति दर्शायी जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की सेवा, सुरक्षा व सुशासन नीति के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में  प्रधानमंत्री  के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि  प्रधानमंत्री जी व  मुख्यमंत्री  के नेतृत्व में सरकार ने समस्त आधारभूत सुविधाओं को मुहैया कराने तथा बिना किसी भेदभाव के जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर बिगत 12 वर्षो में जो परिणाम दिया है वह निश्चित रूप से प्रशंसनीय एवं एतिहासिक है। 
जिला प्रभारी भाजपा अजय सिंह गौतम ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विकास प्रदर्शनी में सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जमीनी स्तर पर लागू करवाने में सफल योगदान रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन सहित सभी को धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दी।
 प्रभारी मंत्री  जिलाध्यक्ष भाजपा  नीतू सिंह  विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी  विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान  जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, युवा, महिला एवं गरीब कल्याण से संबंधित योजनाओं, उत्तर प्रदेश की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, सुदृढ़ आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की संकल्पना और जनपद की विकास गाथा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के क्रम में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती कार्यशाला का  भव्य आयोजन किया गया। प्राकृतिक खेती कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र बगही सहित अनेक कृषि वैज्ञानिकों द्वारा प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, आधुनिक खेती से किसानों को कैसे अधिक उपज एवं आय प्राप्त हो सकती है आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित विकास प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में केन्द्र सरकार के 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के 09 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें तथा उनका लाभ उठाएं।
इस अवसर पर  प्रभारी मंत्री  जिलाध्यक्ष भाजपा व  विधायकगण द्वारा उद्योग व कृषि विभाग के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देते हुए टूल-किट, सिलाई मशीन, प्रशस्ति पत्र व प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकार स्वीटी सिंह एवं सूरज कुमार एवं पार्टी द्वारा सरकार की  जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं का लोकगीतों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया।
सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विकास प्रदर्शनी में "विश्वास, विकास और जन कल्याण के 12 वर्ष" शीर्षाकिंत पुस्तिका एवं फोल्डर का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा भारतीय जनता पार्टी विजय बहादुर सिंह, कार्यक्रम संयोजक गणेश पांडेय, उपाध्यक्ष भाजपा अमर राय, महामंत्री कौशलेंद्र सिंह 'दीपू,' जिला मंत्री संतोष सिंह, कृष्णकांत मिश्रा, अजीत सिंह, पूर्व प्रदेश मंत्री बबिता सिंह, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारीगण, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, उप कृषि निदेशक डॉ0 राकेश कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 सर्वेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, कृषकगण, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

Dayanidhi Tripathi Picture

पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

नवीनतम

मोहनलालगंज ब्लॉक: 50 से 55 वर्ष पुरानी जर्जर छत गिरी, एडीओ घायल

समय पर तकनीकी जांच व मरम्मत न होना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा
उत्तर प्रदेश 
मोहनलालगंज ब्लॉक: 50 से 55 वर्ष पुरानी जर्जर छत गिरी, एडीओ घायल

ठाकुरगंज संयुक्त टीबी अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

लखनऊ। भानू प्रताप सिंह उपाध्यक्ष पश्चिमी मंडल -4: मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉकर्स संगठन लालजी टंडन पार्क निवाजगंज की तरफ से...
उत्तर प्रदेश 
ठाकुरगंज संयुक्त टीबी अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

उत्तर प्रदेश

मोहनलालगंज ब्लॉक: 50 से 55 वर्ष पुरानी जर्जर छत गिरी, एडीओ घायल

समय पर तकनीकी जांच व मरम्मत न होना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा
उत्तर प्रदेश 
मोहनलालगंज ब्लॉक: 50 से 55 वर्ष पुरानी जर्जर छत गिरी, एडीओ घायल

ठाकुरगंज संयुक्त टीबी अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

लखनऊ। भानू प्रताप सिंह उपाध्यक्ष पश्चिमी मंडल -4: मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉकर्स संगठन लालजी टंडन पार्क निवाजगंज की तरफ से...
उत्तर प्रदेश 
ठाकुरगंज संयुक्त टीबी अस्पताल में मरीजों को बांटे फल