विदेश भेजने के बहाने ठगी करने वाले गिरोह बेनकाब, आरोपी गिरफ्तार
जॉर्जिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोपी राजस्थान से दबोचा
- फतेहाबाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
फतेहाबाद। विदेश भेजने और वर्क वीजा दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सदर फतेहाबाद पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सात लाख 35 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव महराना निवासी गुरप्रीत पुत्र राजेश के रूप में हुई है। गुरूवार को आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा, फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक जसकांत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गांव भुथन खुर्द निवासी सुरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसका बेटा पंकज विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी गुरप्रीत से हुई।
आरोपी ने पीडि़त को विश्वास में लेते हुए दावा किया कि उसके जानकार विदेश भेजने और वर्क वीजा लगवाने का काम करते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने पंकज को जॉर्जिया में वर्क वीजा और अच्छा काम दिलवाने का झांसा दिया और इसके लिए एयर टिकट सहित प्रति व्यक्ति लगभग साढ़े चार लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी।
पीडि़त पिता ने शिकायत में बताया कि आरोपियों के बहकावे में आकर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन पेमेंट माध्यमों से लाखों रुपये आरोपी के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद न तो बेटे को विदेश भेजा गया और न ही वीजा लगवाया गया। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 7 लाख 35 हजार 500 रुपये की बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पीडि़त की शिकायत मिलने के बाद मामले की गहनता से जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा, फतेहाबाद द्वारा की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के आधार पर थाना सदर फतेहाबाद में 9 जून 2027 को धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी गुरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
