जापान एयरपोर्ट: रनवे पर दौड़ते विमान के इंजन से निकला काला धुआं
रनवे को जांच के लिए किया बंद उड़ान रद्द
टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो के पास स्थित नारिता एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह एक विमान के इंजन के पास काला धुआं दिखाई दिया। इस घटना के बाद संबंधित रनवे को जांच के लिए बंद कर दिया गया। यह जानकारी एक पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके ने दी।
एनएचके के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10:40 बजे फायर विभाग को सूचना मिली कि एयरपोर्ट पर एक विमान के इंजन से काले धुएं जैसा कुछ निकलता दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया कि यह विमान मलेशिया एयरलाइंस का यात्री विमान था, जो उड़ान भरने के लिए रनवे पर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान उसके इंजन में कुछ समस्या आ गई, जिसके कारण उड़ान रद्द करनी पड़ी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एनएचके ने बताया कि विमान में कुल 160 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और क्रू सदस्य शामिल थे। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। नारिता एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इस घटना के बाद रनवे 'ए' को बंद कर दिया गया है और उसकी जांच की जा रही है। एनएचके की ओर से दिखाए गए वीडियो में सुबह करीब 11 बजे विमान रनवे पर खड़ा दिखाई दिया। उसके आसपास कई फायर इंजन और एंबुलेंस मौजूद थे, जबकि कर्मचारी स्थिति को संभालने में जुटे हुए थे। अधिकारियों ने कहा कि घटना की वजह पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इस बीच, एक अलग घटना में गुरुवार सुबह जापान के तोचिगी प्रांत के एक रेलवे स्टेशन पर ट्रैक की मरम्मत का काम कर रहे चार कर्मचारी एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। यह जानकारी एनएचके ने दी। फायर विभाग के अनुसार, चारों कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया और जब उन्हें वहां पहुंचाया गया, तब वे बेहोश थे। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही हैं। इस मामले में भी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
