कॉर्निया दान को बढ़ावा देने के लिए टास्क फोर्स की बैठक
— टास्क फोर्स कॉर्निया दान सेवाओं को नई गति प्रदान करेंगी:प्रो.हर्षवर्धन
- पीजीआई में एक उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त निदेशक प्रो. डॉ आर. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में कॉर्निया दान एवं प्रत्यारोपण सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉ. शालिनी मोहन, डॉ. शेफाली मजूमदार, डॉ. अलका , डॉ. विकास कनौजिया सहित उत्तर प्रदेश में कॉर्निया दान एवं प्रत्यारोपण व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए गठित टास्क फोर्स के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
प्रो. डॉ आर. हर्षवर्धन ने बताया टास्क फोर्स नेत्र मंथन में प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर गठित की गई थी। इस राज्य-स्तरीय विचार-विमर्श में नेत्र रोग विशेषज्ञों, प्रत्यारोपण चिकित्सा विशेषज्ञों, अस्पताल प्रशासकों, आई बैंक प्रतिनिधियों तथा अंग एवं ऊतक दान कार्यक्रम से जुड़े विशेषज्ञों ने प्रदेश में कॉर्निया दान की वर्तमान स्थिति, प्रमुख चुनौतियों तथा भावी कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा की थी। बैठक के दौरान कॉर्निया दान की दर में वृद्धि तथा उपलब्ध कॉर्निया के अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग के लिए एक व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रमुख बिंदुओं में अस्पताल-आधारित को मजबूत करना, संभावित कॉर्निया दाताओं की समयबद्ध पहचान एवं रेफरल प्रणाली को बेहतर बनाना, स्वास्थ्यकर्मियों का क्षमता संवर्धन , नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, अस्पतालों एवं आई बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा कॉर्निया के संग्रहण , संरक्षण एवं प्रत्यारोपण की मानकीकृत प्रक्रियाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना शामिल रहा। प्रो. डॉ. आर. हर्षवर्धन ने स्वास्थ्य संस्थानों, सरकारी एजेंसियों, आई बैंकों एवं नागरिक समाज संगठनों के साथ समन्वित प्रयासों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में अंग एवं ऊतक दान कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए , प्रदेश की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स की नियम राज्य में कॉर्निया दान सेवाओं को नई गति प्रदान करेंगी व कॉर्निया जनित अंधत्व की रोकथाम एवं उपचार के लिए एक प्रभावी रोडमैप सिद्ध होंगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
