सपा का एजेंडा विकास नहीं, समाज को बांटना और एकता को कमजोर करना: योगी
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद को दी 658 करोड़ की 81 परियोजनाओं की सौगात, 658 लाभार्थियों को सौंपीं चाबियां
विपक्ष पर बोला तीखा हमला, कहा-2017 से पहले हर जिले में था 'वन माफिया', अब 'वन प्रोडक्ट'
- सीएम बोले-फिरोजाबाद के कांच उद्योग ने चीन को पछाड़ा, श्रमिकों को सराहा
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फिरोजाबाद में 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के एजेंडे में विकास नहीं, बल्कि समाज को बांटना, सामाजिक एकता को कमजोर करना, गुंडागर्दी और माफियागिरी को बढ़ावा देना शामिल रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों, अराजकता और माफियाओं से होती थी, जबकि आज प्रदेश कानून व्यवस्था, निवेश, विकास परियोजनाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए जाना जा रहा है।
कांच नगरी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से डबल इंजन सरकार विकास और विरासत की यात्रा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा’ की स्थिति है। योगी ने कहा कि पहले हर जिले की पहचान किसी न किसी माफिया से जुड़ जाती थी, लेकिन आज माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के कारण प्रदेश का माहौल पूरी तरह बदल चुका है।
ये खबर भी पढ़े : हाय औन हाय मुहम्मद की सदाओं के बीच उठा जनाबे ज़ैनब के बच्चों के ताबूत पुलिस बल तैनातमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ‘एक जिला-एक उत्पाद’, ’एक जिला-एक कुजीन’ और ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास का नया मॉडल प्रस्तुत कर रही है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश को पिछड़ेपन और अराजकता की ओर धकेला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस सरकारों ने गरीबों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा। आज गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और बिजली जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
फिरोजाबाद के प्रसिद्ध ग्लास उद्योग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्थानीय उद्योगों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि यहां के कारीगरों और उद्यमियों ने अपनी प्रतिभा और नवाचार के बल पर चीन के उत्पादों को चुनौती दी है। आज फिरोजाबाद में बनने वाली कांच की कलाकृतियां और धार्मिक प्रतिमाएं देश-विदेश में पसंद की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रतिभा होने के बावजूद उचित मंच और प्रोत्साहन नहीं मिलता था, लेकिन अब सरकार स्थानीय उद्योगों को हरसंभव सहयोग दे रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने उद्योगों को राहत देने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनावश्यक छापेमारी पर रोक लगाई, नई तकनीक उपलब्ध कराई और गैस आपूर्ति सुनिश्चित की। इसके चलते फिरोजाबाद का उद्योग आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आलू उत्पादन और कृषि क्षेत्र में भी जनपद तेजी से प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश में सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार का ऐतिहासिक कार्य किया। उनकी प्रतिमाएं नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ, 65 लाख परिवारों को आवास, दो करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन और लाखों किसानों को बिजली व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों और सुशासन के आधार पर भाजपा को जनता का आशीर्वाद आगे भी मिलता रहेगा। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, विधायक मनीष असीजा, प्रेमपाल सिंह धनगर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
