हौसले को सलाम! करंट के झटकों के बावजूद खिलाड़ियों ने जीते मेडल
करंट के झटके भी नहीं तोड़ सके हौसला, रामनगर पीजी कॉलेज के खिलाड़ियों ने जीते मेडल
मनोज शर्मा
बाराबंकी। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में आयोजित दीक्षोत्सव खेल प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत 6 अगस्त को आयोजित ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं में रामनगर पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना को मजबूत करते हैं।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ सौरभ और शिवम का जज्बा विशेष रूप से चर्चा का विषय रहा। 5 अगस्त को दोनों विद्यार्थियों को करंट का झटका लग गया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अगले दिन प्रतियोगिता में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया और विजयी होकर मेडल हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के इस साहस और जुझारूपन ने साथी विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. सुनीत कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश वर्मा, डॉ. अखिलेश पटेल, डॉ. उदय प्रताप सिंह, डॉ. रामकुमार सिंह, डॉ. संजय तिवारी, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता अरविंद यादव सहित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
