अनियोजित गर्भधारण से होने वाली समस्याओं को रोका जा सकता:डॉ. सलमान
— छात्राओं ने नाटक के माध्यम से किया लोगों को जागरूक
लखनऊ। परिवार नियोजन यह न केवल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है,बल्कि समाज के समग्र विकास में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके माध्यम से माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है तथा अनियोजित गर्भधारण और उससे होने वाली जटिलताओं को रोका जा सकता है। ये बातें डॉ.सलमान,बाल रोग विशेषज्ञ,ने कही।
मंगलवार को बलरामपुर चिकित्सालय स्थित स्कूल ऑफ नर्सिंग में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र एवं छात्राओं द्वारा नाटक के माध्यम से परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों एवं उनके सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सलमान, बाल रोग विशेषज्ञ, वीरांगना अवंतिबाई महिला चिकित्सालय ने परिवार नियोजन के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं से अपील की कि वे परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की सही जानकारी प्राप्त कर जागरूक निर्णय लें, जिससे एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके। स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल रागिनी त्रिवेदी ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ‘बास्केट ऑफ चॉइस’ के तहत स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन के साधन निशुल्क उपलब्ध हैं, जिनमें से लाभार्थी अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार चयन कर सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रागिनी ने कहा कि नर्सिंग शिक्षक शशिकाला सुमन,दिव्या श्रीवास्तव, साधना सिंह और आशुतोष द्विवेदी ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
