सीसीटीवी की मदद से सात माह बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
महिला की हत्या कर शव ग्राउंड में फेंका था
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में बीते साल 2024 के अक्टूबर महीने में एक महिला की हत्या हुई थी। मृतका की बेटी की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। करीब सात माह तक चली जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची, जिसके बाद शुक्रवार को महिला की हत्या करने वाले रायबरेली के रहने वाले रामू लोधी नाम के आरोपी को पारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी रामू लोधी वर्तमान में लखनऊ के मानक नगर में रह रहा था।
बीते साल 2024 के 7 अक्टूबर को पारा शांतिपुरम स्थित बृजवासी बेकरी के पीछे एक महिला का शव स्लीपर ग्राउंड के पास बरामद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में पुलिस की ओर से की जा रही शुरुआती जांच के बीच मृतका की बेटी प्रगति द्विवेदी ने पारा थाने में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
आपको बता दें कि मृतका की बेटी ने अपनी तहरीर में रामू नाम के व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सैकड़ों कैमरे चेक किये। जिसके बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी की धड़पकड़ तेज हुई।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी लखनऊ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 15 हजार का इनाम भी घोषित किया था। लंबे समय से हो रही तलाश के बीच लोकल इनपुट, सर्विलांस का भी लखनऊ पुलिस ने सहारा लिया। जिसके बाद शुक्रवार को हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी रामू को गिरफ्तार कर लिया गया।
टिप्पणियां