25 हजार के इनामी गोकशी आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा
चरवा क्षेत्र में नींबू के बाग में गोकशी मामले का खुलासा, तमंचा-कारतूस बरामद; पूछताछ में सराय अकिल की एक और वारदात कबूली
कौशाम्बी। जिले के चरवा थाना क्षेत्र में नींबू के बाग में हुई गोकशी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपी ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई 2026 को चरवा थाना क्षेत्र के जानकीपुर मौजा पहाड़पुर सुधवर निवासी सुशील कुमार ने सूचना दी थी कि गुगवा के बाग के पास स्थित उनके नींबू के बाग में अज्ञात लोगों द्वारा गोकशी कर अवशेष फेंक दिए गए हैं। सूचना मिलते ही चरवा पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में नमूने एकत्र कर जांच कराई। मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
ये खबर भी पढ़े : कोलकाता मेल एक्सप्रेस के एस-थ्री कोच में दो संदिग्धों के पास से मिला 28 लाख की नकदी,जांच जारीघटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने कई टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, परिस्थितिजन्य साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 18/19 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी कांड का आरोपी मोइनुद्दीन उर्फ इरफान काजू चौराहे से मलाक नागर जाने वाली सड़क के पास बाग में मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मोइनुद्दीन उर्फ इरफान, पुत्र शहाबुद्दीन, निवासी ग्राम पनारा गोपालपुर, थाना सराय अकिल बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 10/11 जुलाई की रात अपने एक साथी के साथ मिलकर गुगवा के बाग के पास नींबू के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। उसने यह भी कबूला कि 24 जून 2026 को सराय अकिल थाना क्षेत्र के पनारा गोपालपुर गांव में भी अपने साथियों के साथ गोकशी की थी और पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार इस मामले में फरार चल रहे मोइनुद्दीन उर्फ इरफान पर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
