पुलिस ने साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट गैंग का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
आरोपियों के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी के 16.22 लाख मास्टरमाइंड तक पहुंचाए गए थे
इस मामले में 13 राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर 20 शिकायतें दर्ज
लखनऊ। राजधानी की विकासनगर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी की रकम को म्यूल अकाउंट के जरिए ठिकाने लगाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी के 16.22 लाख रुपये मास्टरमाइंड तक पहुंचाए गए थे। इस मामले में 13 राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर 20 शिकायतें दर्ज मिली हैं।
पुलिस के अनुसार, 'साइ-वज्र (CY-VAJRA) अभियान' के तहत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान सैफ, रेहान खान और नीरज शर्मा के बैंक खातों में विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की रकम आने के साक्ष्य मिले। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने और अपने परिजनों के बैंक खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करते थे। खातों में आने वाली साइबर ठगी की रकम में से अपना कमीशन काटकर शेष राशि चेक और एटीएम के जरिए नकद निकालते थे और इसे गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचा देते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन लक्ष्य यादव, हिमांशु यादव और आदर्श ठाकुर सहित अन्य मास्टरमाइंड कर रहे थे। ये लोग देशभर में साइबर अपराध से अर्जित रकम को म्यूल खातों के जरिए इधर-उधर कराते थे। पुलिस ने इस संबंध में विकासनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों के खिलाफ तमिलनाडु, बिहार, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल, गुजरात, तेलंगाना, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, पंजाब और मध्य प्रदेश समेत 13 राज्यों से कुल 20 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, आठ बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, दो एटीएम कार्ड और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार सरगनाओं की तलाश की जा रही है। साथ ही साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बैंक खातों और संदिग्ध लोगों की भी जांच जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
