बिजुआ-खीरी,05 सितम्बर(तरुणमित्र)। माहु टांडा बिजुआ निवासी 16 वर्षीय होनहार खिलाड़ी पवन सिंह पुत्र श्री राम औतार सिंह का चयन उत्तर प्रदेश टी-20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स टीम के लिए हुआ है। पवन सिंह ने टीम में बॉलर की भूमिका निभाते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
पवन सिंह की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे बंजारा समाज और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर पवन सिंह ने यह मुकाम हासिल कर समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
यूपी टी-20 लीग टूर्नामेंट के समापन के बाद घर वापसी पर बाबा लक्खीशाह बंजारा सेवा समिति, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पवन सिंह का स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं माला पहनाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रामजी सिंह नायक, पूर्व अध्यक्ष सरजीत सिंह, आदिराम सिंह नायक, योगेंद्र सिंह (काके), विमल कुमार, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में सम्मानित ग्रामीण मौजूद रहे।
समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने पवन सिंह का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान सभी ने पवन सिंह एवं उनके पिता श्री राम औतार सिंह को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।