लकड़ी माफिया का तांडव: रात के अंधेरे में हरे पेड़ों पर चल रहा कुल्हाड़ा, प्रशासन मौन
रामनाथ सिंह
बिजनौर। जनपद में लकड़ी माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाते हुए हरे-भरे पेड़ों का अवैध कटान लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर हो रहे इस अवैध धंधे के बावजूद प्रशासन पूरी तरह मौन नजर आ रहा है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के नहटौर रोड पर माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े पेड़ों पर खुलेआम कुल्हाड़ी चला रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मोटीन फैक्ट्री के सामने स्थित एक खेत में खड़े दो हरे-भरे शीशम के पेड़ों को बेरहमी से काट दिया गया। इसके अलावा क्षेत्र में आम, शीशम जैसी कई प्रजातियों के पेड़ों का लगातार अवैध कटान किया जा रहा है।
एक ओर सरकार हर साल करोड़ों रुपये खर्च कर वृक्षारोपण अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर लकड़ी माफिया इन प्रयासों को पलीता लगा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे माफियाओं के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से लकड़ी माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और रात में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि अवैध कटान पर रोक लगाई जा सके और पर्यावरण की रक्षा हो सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
