पड़ोसियों के विवाद में वृद्ध महिला की मौत, तीन आरोपित हिरासत में
लखनऊ। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने एक वृद्ध महिला की जान ले ली। ग्राम मवई पड़ियाना में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान छत से फेंके गए ईंट-पत्थर की चपेट में आने से 75 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:10 बजे थाना बंथरा को सूचना मिली कि ग्राम मवई पड़ियाना में दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।प्रारंभिक जांच में पता चला कि प्रथम पक्ष के राजेन्द्र पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी प्रसाद तथा द्वितीय पक्ष के धर्मेन्द्र, गोविन्द और पंचम आपस में पड़ोसी हैं और उनके मकान आमने-सामने स्थित हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग शाम के समय साथ में शराब पीकर गांव लौटे थे। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान द्वितीय पक्ष के लोगों ने अपने मकान की छत से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसी दौरान प्रथम पक्ष की माता सियावती रावत (75 वर्ष), जो अपने घर की छत पर मौजूद थीं, के सिर में पत्थर लग गया। गंभीर रूप से घायल सियावती रावत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।घटना में राजेन्द्र भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित धर्मेन्द्र, गोविन्द और पंचम को हिरासत में ले लिया है। इनमें से धर्मेन्द्र घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है, जहां सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
