कानपुर में गंगा में नहाते समय डूब रहे चार दोस्तों में तीन सुरक्षित निकाले गए, दो घंटे बाद एक का शव बरामद
कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत परमट घाट पर मंगलवार को गंगा स्नान के दौरान चार दोस्तों का समूह अचानक गहरे पानी की ओर पहुंच गया। आसपास मौजूद नाविकों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चौथा गहराई में समा गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाया और करीब दो घंटे बाद उसका शव बरामद कर लिया।
जूही क्षेत्र के पांच किशोर आज गंगा स्नान के लिए परमट घाट पहुंचे थे। घाट पर पहुंचने के बाद सभी ने पहले किनारे पर खड़े होकर तस्वीरें और सेल्फी लीं। इसके बाद चार किशोर नदी में नहाने उतर गए, जबकि उनका एक साथी किनारे पर बैठकर कपड़ों की देखरेख कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी में पानी कम दिखाई देने के कारण किशोर धीरे-धीरे आगे बढ़ते चले गए। इसी दौरान वे अचानक ऐसे स्थान पर पहुंच गए जहां गहराई अधिक थी। संतुलन बिगड़ते ही चारों डूबने लगे और मदद के लिए शोर मचाया।
चीख-पुकार सुनकर घाट के पास मौजूद नाविक तुरंत हरकत में आए और नदी में कूद पड़े। उन्होंने तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन शिवम गुप्ता (14) तेज बहाव और गहराई के कारण लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे बाद शिवम का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
ग्वालटोली थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
