पगफेरे से लौटते समय नवविवाहिता लापता, पति ने जेवर और नकदी लेकर भागने का लगाया आरोप
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के आगरा में पिनाहट थाना इलाके में शादी के कुछ ही दिन बाद दुल्हन के फरार होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर भाग गई. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पिपरई गांव निवासी गिर्राज सिंह की शादी 20 जुलाई को पिनाहट क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी. शादी के पांच दिन बाद पगफेरे की रस्म के लिए पत्नी अपने पति और ससुराल वालों के साथ मायके गई थी.
शाम करीब चार बजे रस्म पूरी होने के बाद परिवार पिनाहट से वापस लौट रहा था. रास्ते में नयागांव तिराहे पर पति शगुन की मिठाई खरीदने के लिए गाड़ी से उतर गया. उसने पत्नी से कहा कि वह परिजनों के साथ वहीं इंतजार करे.
इसी दौरान नवविवाहिता ने शौच जाने की बात कहकर वहां से निकल गई. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.
आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर अर्नोटा की ओर चली गई.
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी अपने साथ शादी में मिले सभी सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी ले गई. इतना ही नहीं, पुलिस के मुताबिक महिला पहले भी इसी तरह लापता हो चुकी है.
इस मामले में पति गिरराज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हाथरस के स्टेशन रोड क्षेत्र निवासी विनोद के खिलाफ समेत अन्य पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है.
इस संबंध में एसीपी पिनाहट ने फोन पर मौखिक तौर से जानकारी दी है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और महिला की तलाश के साथ-साथ सभी आरोपों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
