नाबालिग को पीटने का आरोप, मां ने पुलिस कप्तान को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
14 वर्षीय किशोर को पुलिस दरोगा द्वारा मारपीट कर घायल करने का आरोप
मनोज शर्मा
बाराबंकी। जनपद के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में 14 वर्षीय किशोर को पुलिस दरोगा द्वारा मारपीट कर घायल करने का आरोप लगा है। पीड़ित की मां ने पुलिस अधीक्षक को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र के अनुसार दौलतपुर निवासी कंचन वर्मा पत्नी सत्य शरण वर्मा ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 जून 2026 को शाम करीब 6:45 बजे उनका 14 वर्षीय बेटा विमल कुमार खेत जा रहा था।
रास्ते में गांव के प्रधान के घर के सामने बंगले पर प्रधान बैठे थे और उन्हें चोटें आई थीं। विमल वहीं रुककर देखने लगा। कंचन वर्मा का आरोप है कि इसी दौरान थाने के दरोगा संतोष कुमार राय अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान विमल को पकड़कर डंडे से मारा-पीटा गया और गला दबाकर धकेल दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोप है कि दरोगा ने गाली-गलौज कर फर्जी फंसा देने की धमकी भी दी है।
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिसकर्मी मौके से चले गए, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि अगर सांस ली तो जेल भेज देंगे। रात करीब 10:30 बजे पुलिस फिर घर पहुंची, बयान लिया और वीडियो बनाई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब बेटे का मेडिकल कराने की बात कही गई तो पुलिस ने कहा कि इसकी जरूरत नहीं है, कहीं से दवा ले लो।
कंचन वर्मा ने बताया कि विमल के शरीर पर काफी चोटें आई हैं और वह कल से कुछ खा-पी नहीं रहा है। हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराने और दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है।
बोले कप्तान
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया जांच के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित न्याय मिलेगा। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
