मोहनलालगंज एसडीएम आवास व तहसील परिसर बना तालाब
जलभराव से वादकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों का निकलना मुश्किल, कीचड़ और गंदे पानी के बीच पहुंचने को मजबूर लोग
सिराज, मोहनलालगंज संवाददाता
मोहनलालगंज,लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील परिसर में जलभराव की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कराने में जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही अब लोगों पर भारी पड़ रही है। बारिश होते ही मोहनलालगंज तहसील परिसर का अगला हिस्सा तालाब में तब्दील हो जाता है। परिसर में जमा पानी के बीच से होकर वादकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को अपने काम के लिए कार्यालयों तक पहुंचना पड़ता है।
जलभराव के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग वादकारियों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को उठानी पड़ती है। कई बार लोगों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पानी के नीचे सड़क या गड्ढों का पता नहीं चलने से फिसलने और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।हालाकि जलभराव होने के बाद नगर पंचायत की टीम निजी संसाधनो से परिसर में भरे बारिश के पानी को बाहर निकालती है।
एसडीएम आवास जाने वाली सड़क भी जलमग्न...
हाइवे मार्ग से एसडीएम आवास की ओर जाने वाली सड़क का भी बारिश में बुरा हाल हो जाता है। सड़क पर भीषण जलभराव होने से पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। पानी जमा होने के कारण सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।उक्त मार्ग पर दो बैंको के साथ ही हास्पिटल भी है।
हर साल समस्या, फिर भी नहीं जागते जिम्मेदार...
अधिवक्ताओ का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। हर साल बारिश के मौसम में तहसील परिसर में जलभराव होता है और हर बार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन बारिश से पहले जल निकासी की स्थायी व्यवस्था दुरुस्त कराने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती।
यदि समय रहते नालियों की सफाई, जल निकासी के रास्तों की व्यवस्था और परिसर के जरूरी हिस्सों का सुधार करा दिया जाए तो समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।अधिवक्ताओ ने तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों से महज अस्थायी इंतजाम के बजाय जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि तहसील परिसर में आने वाले लोगों को हर बारिश में पानी और कीचड़ के बीच से गुजरने की मजबूरी से निजात मिल सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
