स्वरोजगार का दिया मंत्र, कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान
सरोजनीनगर। सरोजनीनगर क्षेत्र के जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ साक्षरता निकेतन में शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । जहां विश्व एमएसएमई दिवस के अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित किया गया , युवाओं और प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्थान से प्रशिक्षित सफल उद्यमी रवि प्रकाश ने कहा कि "शिक्षा संस्कारों का निर्माण करती है, जबकि कौशल आजीविका और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करता है।" उन्होंने एक प्रशिक्षार्थी से सफल स्टार्टअप उद्यमी बनने तक की अपनी यात्रा साझा करते हुए कौशल प्रशिक्षण को सफलता की सबसे मजबूत नींव बताया । सफल उद्यमी शुभम सोनकर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2019 में जन शिक्षण संस्थान से स्क्रीन प्रिंटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया था।

वर्तमान में उन्होंने फ्लेक्स प्रिंटिंग की इकाई स्थापित कर राष्ट्रीय स्तर पर व्यवसाय खड़ा किया है और उनका कारोबार करोड़ों रुपये के वार्षिक टर्नओवर तक पहुंच चुका है। उन्होंने युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने की सलाह दी। संस्थान के निदेशक सौरभ कुमार खरे ने अपने संबोधन में कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह रोजगार सृजन, स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने और 'आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने युवाओं से कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी ने किया। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम मिश्रा, आदित्य मिश्रा, लेखाकार गौरी शंकर सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर राघवेन्द्र गुप्ता (एफएसी) सहित प्रशिक्षिकाएं प्रियंका त्रिपाठी, अंचला देवी, अनीता आनंद एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
