सदगुरु कबीर साहब का प्रकट दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
गोरखपुर,सदगुरु कबीर साहब का 628 वॉ प्रकट दिवस ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज सतगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में कंबल कारखाना तिराहा खजनी गोरखपुर में बड़े ही श्रद्धा भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जहां मंडली द्वारा कबीर साहब के वाणी वचनों को रखा गया।
महंत रामनिवास साहब ने कबीर साहब के ऊपर प्रकाश डालते हुए कहा कि कबीर साहब का प्रकट काशी नगरी लहरतारा तालाब में कमल पुष्प पर ज्येष्ठ पूर्णिमा दिन सोमवार भोर में 4:00 बजे हुआ था। कबीर साहब मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ में 1520 में पहुंचे थे वहां उन्होंने बांधवगढ़ स्टेट के प्रमुख व्यवसायी धनी धर्मदास साहब को दीक्षा दिए। एवं यह भी वचन दिए की आपका 42 वंश का अटल राज होगा, कबीर साहेब ने मुक्तामणि नाम साहब को प्रथम वंश गुरु के रूप में चादर तिलक किए तभी से यह वंश परंपरा चली आ रही है। आज 16वें वंश गुरु के रूप में माघ मेला 2026 में पंथ श्री उदित मुनि राम साहब का चादर तिलक कार्यक्रम कबीरधर्म नगर दामाखेड़ा छत्तीसगढ़ में संपन्न हुआ है।
भजन मंडली में मोतीलाल,नर्सिंग, राम प्रताप ने कबीर साहब के वाणी वचनों को रखा,नेमी,प्रेमी संगत भजन, सत्संग का लाभ लिए। वहां उपस्थित कबीरपंथी एवं आने जाने वाले सम्मानित गणों ने शरबत का रसपान किया भजन कीर्तन के उपरांत कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी महंत महादेव साहब, महंत मनबोध दास साहब महंत श्याम भोज दास साहब, जिला युवा प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह समेत सैकड़ो की संख्या में कबीरपंथी उपस्थित रहे।उक्त जानकारी सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
