नीट पेपर लीक मामले के 10 आरोपिताें की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ी
नई दिल्ली। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नीट पेपर लीक के 10 आरोपितों की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ा दी है। साेमवार काे इन आरोपितों की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद इन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने 15 जून को इन आरोपितों की न्यायिक हिरासत आज तक के लिए बढ़ाई थी। कोर्ट ने 15 जून को ही इस मामले के तीन आरोपितों से न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को पूछताछ करने की अनुमति दी थी। कोर्ट ने मनीष वाघमारे, धनंजय लोखंडे और शुभम खैरनार से 17 से 19 जून के बीच में तीनों आरोपितों से एक घंटे के लिए पूछताछ की इजाजत दी थी।
कोर्ट ने मनीष वाघमारे, धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, मांगीवाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, डॉ मनोज शिरुरे, तेजस हर्षद कुमार, यश यादव और मनीषा संजय हवलदार की न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया है। इस मामले में 12 मई को एक सरकारी अधिकारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
सीबीआई ने भारतीय न्याय संहिता और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के विभिन्न प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की थी। 3 मई को हुई नीट की परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद इस परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। केंद्र सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। नीट पेपर लीक घोटाला मामले में अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
