सवा लाख आवादी वाले सेशेल्स में गूंजा भारतीय सेना का गौरव, पीएम मोदी ने खड़े होकर किया सलाम
स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती पर भारत-सेशेल्स मित्रता का मजबूत संदेश दुनिया तक पहुंचा
गेस्ट ऑफ ऑनर बने पीएम मोदी, भारतीय सैन्य टुकड़ी का खड़े होकर किया अभिवादन
विक्टोरिया (सेशेल्स)। सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत और सेशेल्स की मित्रता का भावुक और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। समारोह में 'गेस्ट ऑफ ऑनर ' के रूप में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय सेना की मार्चिंग टुकड़ी को परेड करते देख अपनी सीट से खड़े हो गए और पूरे सम्मान के साथ जवानों का अभिवादन किया। उनका यह कदम समारोह का सबसे चर्चित और भावनात्मक क्षण बन गया।
राष्ट्रीय दिवस पर आयोजित सैन्य परेड में कई देशों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन भारतीय सेना और नौसेना बैंड के मार्च के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान प्रकट करने ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में मौजूद लोगों ने इसे भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और भारत-सेशेल्स के गहरे रणनीतिक रिश्तों का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती सेशेल्स के लोगों की 50 वर्षों की शानदार यात्रा को समर्पित है। उन्होंने विश्वास जताया कि साझा मूल्यों और आपसी विश्वास पर आधारित भारत-सेशेल्स की साझेदारी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को सेशेल्स के विकास का भरोसेमंद मित्र और साझेदार होने पर गर्व है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में 'गेस्ट ऑफ ऑनर' बनने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि परेड में भारतीय सेना और नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी तथा नौसेना बैंड की भागीदारी दोनों देशों की मजबूत रक्षा साझेदारी का प्रतीक है। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक भी पोर्ट विक्टोरिया पहुंचे, जिसने हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों के बढ़ते सामरिक सहयोग और दशकों पुरानी मित्रता को नया संदेश दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
