मलिहाबाद में आम की चोरी,15 पेड़ों से उड़ाए गए 50 कैरेट आम, तहरीर दर्ज
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र में एक बाग मालिक ने अपने आम के बाग से लाखों रुपये मूल्य के आम चोरी होने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मलिहाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित कुंवर बहादुर के अनुसार, उनका पुश्तैनी आम का बाग माल रोड छपरतला, कीर्ति पेट्रोल पंप के पास स्थित है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रविवार देर रात पड़ोसी बागवानों ने अपने कुछ मजदूरों के साथ मिलकर उनके बाग से आम तोड़े। सोमवार सुबह जब वह बाग पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि लगभग 15 पेड़ों से गोल्डन बैंगन प्रजाति के करीब 50 कैरेट आम गायब थे। चोरी हुए आम की बाजार कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।
मलिहाबाद थाने में दी गई तहरीर में, पीड़ित ने कुछ लोगों पर चोरी का संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
