लखनऊ एयरपोर्ट बना 'ईट राइट कैंपस', यात्रियों को मिलेगा पौष्टिक भोजन
लखनऊ, सरोजनी नगर। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से 'ईट राइट कैंपस' प्रमाणन प्राप्त करने वाला देश का पहला एयरपोर्ट बन गया है। इसके साथ ही यात्रियों को अब केवल आधुनिक सुविधाएं ही नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन की भी गारंटी मिलेगी।
एफएसएसएआई ने एयरपोर्ट को 24 मार्च 2026 से 23 मार्च 2028 तक दो वर्षों के लिए यह प्रमाणन प्रदान किया है। खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के उत्कृष्ट पालन पर एयरपोर्ट को 3-स्टार रेटिंग भी मिली है, जो यहां की खाद्य व्यवस्था की उच्च गुणवत्ता को दर्शाती है। यह प्रमाणपत्र अपर जिलाधिकारी (पूर्वी) महेंद्र पाल सिंह ने एयरपोर्ट प्रशासन को सौंपा। यह सम्मान स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद मिला, जिसमें एयरपोर्ट परिसर के सभी फूड कोर्ट, रेस्तरां और खाद्य सेवा प्रदाताओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
ऑडिट के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन की उपलब्धता, सुरक्षित पेयजल, खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय और मौसमी खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों एवं फूड हैंडलर्स में जागरूकता जैसे मानकों पर एयरपोर्ट की व्यवस्था को परखा गया।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि लखनऊ एयरपोर्ट अब केवल हवाई यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि यात्रियों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाला देश का अग्रणी एयरपोर्ट भी बन चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल देश के अन्य एयरपोर्टों के लिए भी एक नया मानक स्थापित करेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
