कासमपुर कृपाराम में चंदन उद्यान का शुभारंभ, किसानों के लिए बनेगा प्रेरणा स्रोत
रामनाथ सिंह
बिजनौर। जनपद मुख्यालय से करीब 9 किलोमीटर दूर ग्राम कासमपुर कृपाराम में चंदन के उद्यान का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा एवं योगेन्द्र पाल सिंह योगी ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की।
चंदन उद्यान की स्थापना कर रहे किसान सुकृत कवात्रा ने बताया कि इस परियोजना के लिए पहले से ही व्यापक तैयारी की गई है। इसमें चंदन की वैज्ञानिक खेती की जानकारी प्राप्त करना, मिट्टी की जांच एवं शोधन, तथा सिंचाई व्यवस्था के लिए ड्रिप सिस्टम लगाना शामिल है। लगभग दो एकड़ से अधिक भूमि में करीब 600 चंदन के पौधे लगाए जाएंगे।
विशेष बात यह है कि चंदन के साथ-साथ बहुउद्देशीय बागवानी को बढ़ावा देते हुए बनाना आम, थाई बारहमासी आम, अमरूद, माल्टा, गोल्डन सेब, अनार, संतरा, लाल आंवला, कुंभकाट नींबू, सफेद जामुन, मीठा करोंदा और चीकू सहित विभिन्न फलदार पौधों का भी रोपण किया गया है।
उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा ने किसान को हर प्रकार की तकनीकी एवं विभागीय सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि यह पहल जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चंदन जैसी लाभकारी खेती किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
चंदन रोपण का कार्य उज्ज्वला प्लांटेशन के सीईओ की देखरेख में किया जा रहा है, जो अगले दो वर्षों तक पौधों की देखभाल और तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे। इस अवसर पर आदित्य चौधरी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने चंदन की खेती को भविष्य की समृद्ध खेती बताते हुए किसानों से इसे अपनाने का आह्वान किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
