भाजपा के तीसरे कार्यकाल में सबसे अधिक प्रभावित हुई शिक्षा : अखिलेश यादव
प्रयागराज में 'विज़न इंडिया' सम्मेलन, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रयागराज में आयोजित "विज़न इंडिया: प्लान, डेवलप, एसेंट" सम्मेलन में देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली गंभीर संकट से गुजर रही है तथा इसमें व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कारण मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सम्मेलन में विशेषज्ञों, युवाओं, शिक्षाविदों, मीडिया प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था की चुनौतियों पर चर्चा की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का बजट लगातार घट रहा है, सरकारी विद्यालयों और संस्थानों को बंद किया जा रहा है तथा पाठ्यक्रमों पर एक विशेष विचारधारा थोपने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक कार्यों का अत्यधिक बोझ डाला जा रहा है।
परीक्षा प्रणाली पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रश्नपत्र तैयार होने से लेकर परिणाम घोषित होने तक कई स्तरों पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रश्नपत्र लीक, अनुवाद संबंधी त्रुटियों, प्रिंटिंग, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, नकल, मूल्यांकन और परिणाम प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि परीक्षा छात्रों के शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार होती है, लेकिन यदि परीक्षा व्यवस्था ही निष्पक्ष और विश्वसनीय न रहे तो सबसे अधिक नुकसान प्रतिभाशाली और मेहनती विद्यार्थियों को उठाना पड़ता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा सच्ची होगी तो तरक्की पक्की होगी। उन्होंने बताया कि "विज़न इंडिया: प्लान, डेवलप, एसेंट" सम्मेलन श्रृंखला का उद्देश्य भारत के विकास के लिए रचनात्मक, व्यावहारिक और समावेशी विचारों को सामने लाना है। कार्यक्रम का आयोजन सांसद डॉ. राजीव राय ने किया जबकि संचालन आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर, उत्तर प्रदेश के पूर्व कौशल विकास मंत्री डॉ. अभिषेक मिश्रा ने किया।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
