पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले चार शातिर गिरफ्तार
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने की गिरफ्तारी
79 चेकबुक, 77 एटीएम कार्ड, 29 सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री बरामद
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कॉरपोरेट धोखाधड़ी करने वाले एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक वीआईपी इलाके के फ्लैट में छापा मारकर देश-विदेश के मासूम लोगों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ठगों के पास से 79 चेकबुक, 77 एटीएम कार्ड, 29 सिम कार्ड, 15 एंड्रॉयड मोबाइल, 14 कीपैड मोबाइल, 6 पीओएस मशीनें और 3 लैपटॉप समेत फर्जी कंपनियों के कूटरचित दस्तावेज व स्टांप मोहरें बरामद हुई हैं।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अपर्णा कुमार के कड़े निर्देश पर राजधानी में साइबर अपराधियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद और एसीपी ऋषभ यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को एक पुख्ता इनपुट मिला।
28 जून 2026 को पुलिस टीम ने सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आवास विकास योजना स्थित ‘लाइट हाउस’ के एक संदिग्ध फ्लैट पर औचक छापेमारी की। कमरे का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई; चारों आरोपी वहां लैपटॉप और दर्जनों मोबाइलों के जरिए देश-विदेश में बैठे अपने आकाओं के साथ संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और कोडिंग कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को मौके से दबोच लिया।यह गिरोह कितना खतरनाक और बड़े पैमाने पर सक्रिय था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनके पास से बरामद बैंक खातों और सिम कार्ड्स की जब नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर जांच की गई, तो देश के अलग-अलग राज्यों से 718 आपराधिक शिकायतें पहले से लिंक पाई गईं। यह गिरोह अब तक जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये डकार चुका है।
अतिरिक्त निरीक्षक विनोद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और जालसाजी की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इन खातों में फ्रीज (जब्त) रकम का पता लगा रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदेपोशों व बैंक कर्मचारियों की संलिप्तता की भी गहनता से जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
