सार्वजनिक स्थानों पर प्रसाधन की कमी से परेशान महिलाएं, टॉयलेट व्यवस्था की मांग
मोहम्मद अय्यूब
उतरौला(बलरामपुर)। देश भर में जहां आधी आबादी को लाभ देने, आर्थिक रूप से मजबूत बनाने तथा समान अधिकार देने की कवायद चल रही है वहीं नगरपालिका क्षेत्र उतरौला में महिलाओं की मूलभूत जरूरतों की अनदेखी हो रही है। नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए कहीं भी प्रसाधन की व्यवस्था नहीं है।
हालांकि तहसील परिसर, सीएचसी, कोतवाली में इसकी व्यवस्था है लेकिन अंबेडकर चौराहा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहा, सार्वजनिक बैंक, पचपेड़वा मार्ग तथा तुलसीपुर मार्ग व निबंधन कार्यालय इस सुविधा से अछूते हैं। अंबेडकर चौराहा, श्यामाप्रसाद मुखर्जी चौराहा अतिव्यस्त स्थानों में शुमार हैं जहां चारों तरफ के निजी व सरकारी वाहन सवारियों को लाकर छोड़ने व उठाने के लिए जाने जाते हैं।
लंबी दूरी से यात्रा करके आई मातृशक्ति को जब सार्वजनिक प्रसाधन की आवश्यकता होती है तो अतिव्यस्त और भीड़ वाले स्थानों पर इसकी व्यवस्था न होने पर उनकी बेबसी देखकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों को पीड़ा होती है, इसी तरह बैंकों में भी कभी नेटवर्क न होने, ज्यादा भीड़ होने या कैश न होने पर लंबी प्रतीक्षा करने वाली महिला ग्राहकों को भी प्रसाधन की कमी बहुत अखरती है।
नगरपालिका ने मोबाइल टायलेट खरीद कर लाखों रुपये भले ही खर्च कर दिए हों लेकिन इसको सार्वजनिक उपयोग के लायक कहीं स्थापित ही नहीं किया है। टेलीफोन एक्सचेंज के पास गड्ढे में पड़े मोबाइल टायलेट्स स्वच्छ भारत मिशन और नगर के अपव्यय की पोल खोल रहे हैं। इसी तरह वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय के पास प्राइवेट बस स्टैंड पर कूड़े और गंदे पानी के जमाव के बीच रखा मोबाइल टायलेट नगरपालिका के संवेदनहीनता की कहानी कह रहा है।
स्थानीय निवासी राम दयाल यादव, ऐमन रिजवी, एजाज मलिक का कहना है कि महिलाओं की बेबसी और जरूरत को समझते हुए प्राथमिकता के आधार पर सार्वजनिक स्थानों पर टायलेट्स की व्यवस्था करानी चाहिए। वरिष्ठ लिपिक नीरज गुप्ता का कहना है कि सफाई कर्मियों को कहा गया है कि जिन स्थानों पर मोबाइल टायलेट की आवश्यकता है उनको चिन्हित कर पर्याप्त व्यवस्था करा दी जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
