पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक, अफगानिस्तान में 36 नागरिकों की मौत, कई मकान तबाह
तालिबान सरकार का दावा, महिलाओं-बच्चों समेत 163 घायल
सीमा पार हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और गहराया
काबुल। पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में की गई हवाई कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है। तालिबान सरकार ने दावा किया है कि पक्तिया, पक्तिका और कुनर प्रांतों में हुई एयर स्ट्राइक में महिलाओं और बच्चों समेत 36 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 163 लोग घायल हुए हैं। कई मकान भी पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
तालिबान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि सबसे भीषण हमला पक्तिया प्रांत के चमकनी जिले के मंडोखेल गांव में हुआ। उनके अनुसार पहले एक नागरिक के घर को निशाना बनाया गया, जिसमें एक बुजुर्ग और एक बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद जब ग्रामीण घायलों को बचाने पहुंचे तो उसी स्थान पर दोबारा बमबारी की गई। इस दूसरे हमले में 28 लोगों की जान चली गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।
ये खबर भी पढ़े : अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप, भारत समेत कई देशों में महसूस हुए झटके, कोई बड़ा नुकसान नहींफितरत ने बताया कि पक्तिका प्रांत के गियान जिले के वालुस्त गांव में भी एक घर पर हमला हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत हुई। इनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे थे। वहीं, कुनर प्रांत के बारोलो गांव में एक मकान पूरी तरह नष्ट हो गया, हालांकि वहां कोई जनहानि नहीं हुई।
उधर, पाकिस्तान ने इस सैन्य कार्रवाई को उचित ठहराया है। सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती क्षेत्र में खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाया। उनके मुताबिक यह कार्रवाई पाकिस्तान में हाल के आतंकी हमलों के जवाब में की गई है।
इधर, कराची में पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के मुख्यालय पर हुए हमले ने हालात और तनावपूर्ण बना दिए हैं। इस हमले में तीन अर्द्धसैनिक जवान और तीन हमलावर मारे गए। एक आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। ताजा घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर सुरक्षा और कूटनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
