उरई-जालौन मार्ग पर दर्दनाक हादसा, टायर फटते ही पलटी कार, चालक की मौत
उरई। उरई-जालौन मार्ग पर सोमवार को एक सड़क हादसे में कार का आगे का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर चार से पांच बार पलट गया। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या (जीजे 16 एपी 0407) उरई से जालौन की ओर जा रही थी। जैसे ही कार ग्राम पंचायत भिटारा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, तभी अचानक उसका आगे का टायर फट गया। तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
इसके बाद कार सड़क पर चार से पांच बार पलटती हुई सड़क किनारे जाकर रुक गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। इस दुर्घटना में जालाैन के नया खंडेराव निवासी कार चालक इमरान खां और उनके साथ माैजूद दाे अन्य लाेग घायल हाे गये। सभी काे पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.डी. गुप्ता ने परीक्षण के बाद इमरान खां को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार को भी अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
