अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: बंदियों ने किया योगाभ्यास, मिला विधिक जागरूकता का पाठ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसान व सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा के निर्देशन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला कारागार, लखनऊ में निरुद्ध बंदियों के साथ भव्य योग कार्यक्रम एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
बंदियों को प्रशिक्षित योगाचार्यों द्वारा योग एवं प्राणायाम के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। उन्हें नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने, तनाव मुक्त रहने तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
योगाभ्यास के साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, प्ली बार्गेनिंग, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बंदियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे प्राधिकरण से नि:शुल्क कानूनी मदद प्राप्त कर सकते हैं।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम जहां बंदियों को अनुशासित एवं स्वस्थ बनाता है, वहीं विधिक जागरूकता उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक है। चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अरुण कुमार मिश्रा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल आशीष कुमार जैन एवं एम.के. सिंह, वरिष्ठ जेल अधीक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर सहित अन्य कारागार कर्मचारी और बड़ी संख्या में जेल बंदी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
