पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया, सड़क हादसे में महिला की मौत
उरई। कालपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रावगंज में एक सड़क हादसे में 35 वर्षीया अंजु की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार देर रात का बताया जा रहा है। सुबह मृतका के परिजनों को इस पूरी घटना की जानकारी हुई।
उन्होंने बताया कि वह शादी समारोह में खाना बनाने का काम करती थी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, अंजु अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए शादी समारोहों में खाना पकाने का कार्य करती थीं। उनके पति ओमनारायण ने बताया कि अंजु मेहनत-मजदूरी कर परिवार को चलाने में मदद करती थी।
रात को काम खत्म करने के बाद लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंजु गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंजु के मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वह अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से पांचों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
