बेहजम-खीरी,17 जुलाई(तरुणमित्र)। कठिन परिश्रम और अटूट लगन से नामुमकिन को भी मुमकिन किया जा सकता है। इसका जीता-जागता उदाहरण पेश किया है बेहजम कस्बे के धीरज कुमार ने। गुदड़ी के इस लाल ने लगातार तीन वर्षों में तीन बड़ी सरकारी भर्तियों में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
धीरज ने वर्ष 2023 में रेलवे की परीक्षा पास कर सरकारी नौकरी की शुरुआत की। इसके बाद 2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयन हुआ और अब 2026 में उत्तर प्रदेश सब इंस्पेक्टर के पद पर भी सफलता हासिल कर ली है। तीन अलग-अलग वर्षों में लगातार सफलता पाकर धीरज ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर मंजिल पाई जा सकती है।
किसान पिता का बेटा,संघर्ष की कहानी
धीरज बेहजम के एक साधारण किसान परिवार से हैं। उनके पिता इतवारी लाल खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद धीरज ने हार नहीं मानी। कोचिंग और महंगे संसाधनों के अभाव के बावजूद अपने आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। आज वह पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
धीरज कन्हैया इंटर कॉलेज बेहजम के पूर्व छात्र हैं। स्कूल के दिनों से ही वह पढ़ाई में तेज और अनुशासित रहे। शिक्षकों का कहना है कि धीरज शुरू से ही लक्ष्य के प्रति समर्पित था और हर परीक्षा को चुनौती की तरह लेता था।
विद्यालय में खुशी की लहर.....
धीरज की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही कन्हैया इंटर कॉलेज बेहजम में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार वर्मा और प्रधानाचार्य अतुल जायसवाल ने धीरज को बधाई देते हुए कहा कि "धीरज ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं। यह उपलब्धि न केवल धीरज की है, बल्कि पूरे बेहजम और विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि धीरज भविष्य में और भी ऊंचाइयां छुए,स्थानीय लोगों ने भी धीरज को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।