जौनपुर में अनियंत्रित बस पलटने से पांच की मौत
इस हादसे में छह से अधिक लोग घायल
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
- पुलिस ने बस चालक को लिया हिरासत में
जौनपुर। जिले में बक्सा थाना क्षेत्र के लखउवा हाईवे के पास शुक्रवार को एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर पलटने से पांच यात्रियों की मौत हो गई। इस हादसे में छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल लिया। जिलाधिकारी डॉ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों से पूछताछ में पता चला है कि बदलापुर से जौनपुर शहर की ओर आ रही एक प्राइवेट बस बक्सा थाना क्षेत्र के लखउवा हाईवे के पास मोड़ होने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मरने वालों की पहचान बक्सा की रहने वाले विजय शर्मा की पत्नी संध्या शर्मा (60), झारखंड की रहने वाली नेमा देवी (60), बस कंडक्टर काली चरण (36), सुशीला यादव के रूप में हुई है। इसके अलावा एक मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
इस दुर्घटना में छह से अधिक यात्री घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह लापरवाही और तेज रफ्तार हो सकती है। पुलिस बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को समुचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
टिप्पणियां